बल्दीराय/सुलतानपुर’। विकासखंड बल्दीराय की ग्राम पंचायत नाटोली के आदमपुर गांव में सफाई व्यवस्था की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। गांव के कई रास्तों पर कीचड़ और गंदगी जमा है, वहीं खड़ंजे पर जगह-जगह घास-फूस एकत्रित होकर रास्ते को घेर रही है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं होने के कारण रास्तों और नालियों की स्थिति खराब होती जा रही है। कहीं नाली बनी है तो कहीं नाली की व्यवस्था ही नहीं है। जहां नालियां बनी हैं, वहां भी नियमित सफाई के अभाव में जलनिकासी प्रभावित हो रही है और गंदा पानी रास्तों के आसपास जमा हो रहा है।
गांव के खड़ंजे पर घास-फूस और गंदगी का जमाव साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते खड़ंजे की सफाई कराई जाए तो आवागमन सुचारु हो सकता है, लेकिन लंबे समय से सफाई न होने के कारण रास्ते की स्थिति खराब होती जा रही है।
ग्राम पंचायत सचिवालय की स्थिति को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार सचिवालय परिसर के आसपास भी पर्याप्त साफ-सफाई नहीं है। वहीं मुख्य खड़ंजे से सचिवालय तक पहुंचने के लिए न तो समुचित सड़क है और न ही खड़ंजा, जिसके चलते सचिवालय पहुंचने में भी लोगों को परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कराकर खड़ंजे से घास-फूस व गंदगी हटवाई जाए, नियमित सफाई कराई जाए, नालियों की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और सचिवालय तक सुगम रास्ता बनवाया जाए।
अब देखना यह है कि ग्रामीणों की इस समस्या पर जिम्मेदार कब तक संज्ञान लेते हैं और आदमपुर की बदहाल तस्वीर कब तक बदलती है।
