लम्भुआ/ सुलतानपुर। लम्भुआ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मझुई के लाल का पूरा मौजा को जोड़ने वाला चैकियादृलाल का पूरा पिच मार्ग इन दिनों बदहाली की तस्वीर बन चुका है। सड़क की हालत ऐसी है कि लोगों का कहना हैकृ“सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क?” जगह-जगह बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसों का कारण बन रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग पूर्व में जिला पंचायत से बनवाया गया था, लेकिन अब सड़क की पिच पूरी तरह उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों ने मार्ग का स्वरूप बदल दिया है। दोपहिया वाहन चालकों को हर कदम संभलकर निकलना पड़ता है, जबकि चारपहिया वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा भी बना रहता है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन बच्चे और बुजुर्ग गड्ढों में फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। बारिश के समय गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क जर्जर पड़ी है, लेकिन संबंधित विभाग ने अब तक प्रभावी मरम्मत नहीं कराई। ग्रामीणों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करें और मार्ग का पुनः पिच निर्माण कराकर गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
