राजगढ़/मिर्जापुर। पुलिस को मिलीं बड़ी कामयाबी,अवैध गांजा तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कथित मुख्य गांजा तस्कर एवं विक्रेता संदीप उर्फ बाबा सोनकर को मंगलवार दोपहर उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए,आरोपित को न्यायालय में पेशकर,जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 24 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांजा तस्करी से जुड़ा एक व्यक्ति राजगढ़ क्षेत्र में बाबा सोनकर को गांजे की सप्लाई करने आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मानसमणि पुत्र भोला प्रसाद जायसवाल, निवासी कुंदनपुर, थाना मऊ, जनपद मऊ मध्यप्रदेश को करीब 7 किलोग्राम गांजे के साथ राजगढ़ के दूबे पुर गाँव में गिरफ्तार किया था। इस दौरान संदीप उर्फ बाबा सोनकर मौके से फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने बाबा सोनकर के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। निरीक्षक नरेंद्र कुमार राय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाबा सोनकर अपने घर पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ करमा थाना सोनभद्र, देहात कोतवाली मीरजापुर तथा राजगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा, निरीक्षक नरेंद्र कुमार राय, हेड कांस्टेबल प्रदीप सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। इस संबंध में राजगढ़ थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि अवैध गांजा तस्करी के मामले में वांछित मुख्य आरोपी संदीप उर्फ बाबा सोनकर को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेशकर जेल भेज दिया गया।
