रामायण में प्रभु श्रीराम का किरदार निभाने पर पहली बार खुलकर बोले रणबीर कपूर! कहा-यह एक जिम्मेदारी है
September 30, 2026
एक्टर रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म रामायण को लेकर चर्चा में हैं. इस फिल्म में वे भगवान राम का रोल कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने स्क्रीन पर इस किरदार को निभाने को लेकर बात की. उनका कहना है कि राम की भूमिका निभाना महज एक किरदार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी थी और उन्होंने हर दिन खुद को यह याद दिलाया कि उन्हें अपने ऊपर जताए गए लोगों के भरोसे के काबिल बनना है.
फिल्म मेकर्स ने यूट्यूब पर एक बीटीएस वीडियो जारी किया है. इस वीडियो में रणबीर के अलावा डायरेक्टर नितेश तिवारी, को-स्टार अरुण गोविल और साई पल्लवी ने भी भगवान राम के किरदार में रणबीर के काम को लेकर बात की है.
रणबीर ने करीब पांच मिनट के इस वीडियो में कहा, ‘यह फिल्म में निभाया जाने वाला महज एक रोमांचक किरदार नहीं है. यह एक जिम्मेदारी है... इसलिए हर दिन मैं खुद को याद दिलाता था कि मेरा काम इस रोल के योग्य बनना नहीं था. मेरा काम था उस भरोसे के योग्य बनना, जो लोगों ने इस भूमिका पर जताया है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘लेकिन मुझे लगता है कि सब कुछ उस व्यक्ति की सिंपलीसिटी और आस्था पर निर्भर करता है, जो भगवान राम की भूमिका निभा रहा है.’
रणबीर ने कहा कि फिल्म का सबसे मजेदार हिस्सा ये देखना था कि नमित ने कैसे सिर्फ रामायण की कहानी पर भरोसा करके, पूर्व और पश्चिम के बेस्ट लोगों को एक साथ ला दिया. उन्होंने बताया कि उन्हें टेरी नोटरी से बॉडी लैंग्वेज और मूवमेंट की ट्रेनिंग लेने का मौका मिला. टेरी का रामायण पर जो भरोसा था, वो उनके लिए बहुत इंस्पायरिंग था.
रणबीर ने ये भी बताया कि उन्होंने फेमस एक्शन एक्सपर्ट गाइ नॉरिस के साथ दो एक्शन सीन्स पर काम किया और सबसे सरप्राइज वाली बात ये थी कि गाइ को भगवान राम के इमोशनल साइड में भी बहुत इंटरेस्ट था.
रणबीर की प्रशंसा करते हुए सीनियर एक्टर और सांसद अरुण गोविल ने कहा कि उनमें इस भूमिका को निभाने के लिए जरूरी कई गुण हैं. उन्होंने कहा, ‘आमतौर पर आप किसी सुपरस्टार से यह उम्मीद नहीं करेंगे कि वह आकर आपके पैर छुए. लेकिन वह हमेशा ऐसा करते हैं. मौजूदा पीढ़ी के युवा सितारों में रणबीर भगवान राम की भूमिका के लिए सबसे उपयुक्त हैं.’
साई पल्लवी ने बताया कि बचपन से ही उनके मन में भगवान राम की एक विशेष छवि थी. उन्होंने कहा, ‘मेरे मन में राम की छवि बहुत पतली काया वाले व्यक्ति की थी, जिनका सिर थोड़ा झुका हुआ है... और हाथ में धनुष है. साथ में छोटी और नाजुक सीता हैं. बचपन से मुझे यही छवि याद है. अब अचानक मुझे वही राम दिखाई दिए, जिन्हें मैंने बचपन में देखा था और मैं इससे भावविभोर हो गई.’
‘रामायण’ की पटकथा श्रीधर राघवन ने लिखी है. तिवारी भी पटकथा लेखन से जुड़े हैं. फिल्म का निर्माण यश की कंपनी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स’ के सहयोग से किया गया है. धर्मा प्रोडक्शन्स उत्तर भारत के हिंदी भाषी बाजारों में फिल्म का वितरण करेगा, जबकि सोनी पिक्चर्स इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज करेगी.
नमित मल्होत्रा की डीएनईजी और प्राइम फोकस स्टूडियोज द्वारा बनाई गई ‘रामायण’ को पौराणिक महाकाव्य का बड़े वैश्विक स्तर पर रूपांतरण बताया जाता है. फिल्म का पहला पार्ट दिवाली के अवसर पर छह नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा पार्ट 2027 में रिलीज करने की प्लानिंग है.
फिल्म में साई पल्लवी सीता के, यश रावण के, सनी देओल हनुमान के और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे. रामानंद सागर की टेलीविजन शृंखला ‘रामायण’ में भगवान राम का लोकप्रिय किरदार निभाने वाले अरुण गोविल इस फिल्म में राजा दशरथ की भूमिका में नजर आएंगे.
