राजगढ़/मिर्जापुर। स्थानीय विकास खंड के ग्राम पंचायत मटिहानी व धौररहा में शनिवार के दोपहर डीपीआरओ राम उदय यादव ने ग्राम पंचायत स्थित पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुस्तकों के रखरखाव और लाइब्रेरी की अव्यवस्था पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने ग्राम सचिव को पुस्तकों को व्यवस्थित ढंग से रखने और लाइब्रेरी के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
इसके बाद डीपीआरओ ने सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया, जहां केयरटेकर अनुपस्थित मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक का पद रिक्त होने की जानकारी पर उन्होंने जल्द नियुक्ति कराने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत के दोनों सफाईकर्मी भी अनुपस्थित पाए गए। इस पर डीपीआरओ ने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम सचिव रवि नन्दन को पंचायत में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत श्रीकृष्ण उपाध्याय, कंसल्टेंट इंजीनियर सुबास सिंह, बीसी दिव्या, विशाल सिंह, ग्राम सचिव रविंद्र और ग्राम प्रधान संतोष कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
