गौरीगंज/अमेठी। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला प्रभारी सुनील सिंह के अमेठी में प्रथम आगमन पर गौरीगंज स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला के नेतृत्व में परिचयात्मक बैठक का आयोजन किया गया। प्रथम आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला प्रभारी सुनील सिंह का फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत, अभिनंदन एवं वंदन किया। बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष भवानी दत्त दीक्षित ने किया। जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने स्वागत भाषण देते हुए जिला प्रभारी सुनील सिंह का अभिनंदन किया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रभारी के मार्गदर्शन एवं कार्यकर्ताओं के परिश्रम से आगामी विधानसभा चुनाव में अमेठी जनपद की चारों विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी विजय प्राप्त करेगी। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी सुनील सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पूरे मनोयोग से संगठन के कार्यों में जुट जाएं। आने वाले विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर विजय का लक्ष्य लेकर हमें बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करना है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को भावुकता से स्मरण करते हुए उनके आह्वान “कदम मिलाकर चलना होगा” को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पूरी मेहनत और परिश्रम के साथ विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम एवं दुष्प्रचार का तथ्यात्मक जवाब दें। केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकारों द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। साथ ही जो पात्र लोग अभी भी सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं। भाजपा प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि परिचयात्मक बैठक को तिलोई विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष दयाशंकर यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष रामप्रसाद मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, विधायक सुरेश पासी, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी, रविंद्र सिंह, श्रीमती रश्मि सिंह एवं किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष काशी प्रसाद तिवारी ने भी संबोधित किया।
भाजपा के नवनियुक्त जिला प्रभारी सुनील सिंह का अमेठी में प्रथम आगमन, जिला कार्यालय पर हुआ भव्य स्वागत एवं परिचयात्मक बैठक
