बल्दीराय/सुलतानपुर’। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर बल्दीराय पुलिस ने सोमवार को जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस टीम ने भगवान दीन सिंह इंटर कॉलेज दैहली बाजार एवं राजकीय हायर सेकेंडरी इंटर कॉलेज कनकपुर, दैहली बाजार पहुंचकर छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
श्रीमान पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर एवं अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बल्दीराय के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक बल्दीराय श्री महेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति टीम के राजदेव यादव, महिला कांस्टेबल जया सेन एवं कांस्टेबल अंकित साहू ने छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने छात्राओं को 1090, 181, 112, 108, 102, 1076, 1098 एवं 1930 हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग और आवश्यकता पड़ने पर इनका लाभ उठाने के बारे में बताया। साथ ही महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस से तत्काल संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया।
इस दौरान महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए गठित एंटी रोमियो स्क्वाड को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से छात्राओं से फीडबैक भी लिया गया। पुलिस टीम ने पार्क, चैराहा, नुक्कड़, गली सहित सार्वजनिक स्थानों पर एंटी रोमियो स्क्वाड की सक्रियता के संबंध में छात्राओं से सुझाव मांगे और फीडबैक फार्म भरवाकर उनकी राय दर्ज की।
पुलिस टीम ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की समस्या या असुरक्षा महसूस होने पर बिना झिझक पुलिस को सूचना दें। अभियान के दौरान छात्राओं को जागरूक करते हुए महिला सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
