बीसलपुरः होटल-ढाबों में घरेलू सिलेंडरों के इस्तेमाल का आरोप, विभागीय कार्रवाई पर सवाल
September 28, 2026
बीसलपुर। क्षेत्र के होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल की शिकायतें सामने आने के बाद संबंधित विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि कुछ प्रतिष्ठानों में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों में किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई स्थानों पर इस तरह के सिलेंडर इस्तेमाल होते दिखाई देते हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से व्यापक जांच या अभियान नजर नहीं आ रहा है। इसको लेकर क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा की कार्यप्रणाली को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस के इस्तेमाल से नियमों के उल्लंघन के साथ घरेलू उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से क्षेत्र में अभियान चलाकर होटल, ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच कराने तथा अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। अब विभागीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि शिकायतों में कितनी सच्चाई है और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर क्या कार्रवाई होती है।
