शुकुलबाजार: पंचायत सहायक पर आरोप, जांच की मांग
September 03, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। ग्राम पंचायत इक्काताजपुर में तैनात पंचायत सहायक के खिलाफ शिकायतों पर कार्रवाई न होने से ग्राम प्रधान प्रशासक ने नाराजगी जताई है। उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोष मिलने पर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान का आरोप है कि पंचायत सहायक कुमकुम पाण्डेय दिसंबर 2025 से नियमित रूप से ग्राम पंचायत में कार्य नहीं कर रही हैं। मामले की शिकायत बीडीओ, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) और ग्राम विकास अधिकारी से कई बार की गई। ग्राम विकास अधिकारी की ओर से कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर तथा आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र से जुड़े कार्यों के लिए ग्रामीणों को घर बुलाने और कथित रूप से धन लेने का आरोप लगाया गया है। परिवार रजिस्टर में नाम जोड़ने-काटने और ओवरराइटिंग के आरोप भी लगाए गए हैं। ग्राम प्रधान ने सभी शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
