Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः बाईपास पर दिनदहाड़े फायरिंग, बाल-बाल बचा युवक


अमेठी। अमेठी बाईपास पर शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कार सवार युवक पर कथित तौर पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी गई। पीड़ित ने हमलावरों पर पीछा करने, मारपीट, असलहा लहराकर जान से मारने की धमकी देने और कार का शीशा तोड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली अमेठी में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है। तहरीर के अनुसार बन्डौइया निवासी यश तिवारी 19 सितंबर को लखनऊ से अपनी स्कॉर्पियो से अमेठी आ रहे थे। उनका आरोप है कि रास्ते में एक अन्य स्कॉर्पियो उनका पीछा कर रही थी। सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने शाम करीब 4.50 बजे अमेठी स्थित शगुन ऑटोमोबाइल के पास अपनी गाड़ी रोक दी। इसी दौरान पीछा कर रही स्कॉर्पियो भी सामने आकर रुक गई। पीड़ित का आरोप है कि वाहन से उतरे लोगों ने उसके साथ मारपीट की और असलहा लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसके कान के पास से फायर कर दिया। हमलावरों ने कार का शीशा तोड़ने का भी प्रयास किया। शोर सुनकर लोग जुटने लगे तो आरोपी मौके से भाग निकले। तहरीर में सूरज सोनी, शुभम गुप्ता उर्फ शाकाल, शिवपूजन चैरसिया उर्फ शेखू समेत अन्य लोगों को आरोपित किया गया है। पीड़ित ने आरोपितों से जान-माल का खतरा बताया है। घटना के दौरान वहां से गुजर रहे आदर्श तिवारी की गाड़ी का भी पीछा किए जाने का आरोप है। सूचना पर पीआरबी और अमेठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार तहरीर और जांच के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |