Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः सीडीओ ने रीडिंग कैंपेन 8.0 और मोबाइल लाइब्रेरी वैन का किया शुभारंभ


अमेठी।
रूम टू रीड संस्था और बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘रीडिंग कैंपेन 8.0’ का शुभारंभ मंगलवार को कंपोजिट विद्यालय नौगिरवा, विकासखंड भेटुआ में हुआ। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने मोबाइल लाइब्रेरी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी भेटुआ डॉ. संतोष कुमार, रूम टू रीड की प्रोग्राम ऑफिसर नेहा मिश्रा, प्रोग्राम एसोसिएट अनिल कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद सीडीओ ने विद्यालय के पुस्तकालय, बाल वाटिका, स्मार्ट क्लास और कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों और शिक्षकों से संवाद कर उनकी पठन क्षमता व शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने और पठन-पाठन को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस वर्ष अभियान की थीम ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ रखी गई है। इसका उद्देश्य बच्चों में पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना, पठन संस्कृति विकसित करना और भाषा साक्षरता को मजबूत करना है।

मोबाइल लाइब्रेरी वैन 1 से 5 सितंबर तक गौरीगंज, भेटुआ, जामो, जगदीशपुर और शुकुलबाजार के विद्यालयों व समुदायों तक पहुंचेगी। वहीं, 1 से 8 सितंबर तक परिषदीय विद्यालयों में प्रतिदिन 30 मिनट DEAR (Drop Everything And Read) गतिविधि के तहत बच्चों को स्वतंत्र रूप से पुस्तकें पढ़ने का अवसर मिलेगा।

8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में सुबह 11 से 11:30 बजे तक ‘रीड-ए-थान’ आयोजित होगा। इसमें बच्चे, शिक्षक और अभिभावक सामूहिक रूप से पुस्तकें पढ़ेंगे और पठन प्रतिज्ञा लेंगे।

सीडीओ पूजा साहू ने कहा कि मोबाइल लाइब्रेरी वैन ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को ज्ञानवर्धक पुस्तकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और उनके बौद्धिक विकास को नई दिशा देगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |