Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मेरठ: मवाना में ट्रोमल मशीन का शुभारंभ, नवंबर तक पालिका खत्ते का कूड़ा होगा साफ! लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण की होगी प्रक्रिया शुरू, 71.59 लाख रुपये की स्वीकृत धनराशि से कराया जा रहा कार्य


मेरठ/मवाना। नगर पालिका परिषद मवाना की ओर से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 के तहत लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। बुधवार को मौहल्ला तिहाई तहसील बाईपास स्थित पालिका के खत्ते पर ट्रोमल मशीन का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक और अधिशासी अधिकारी कृष्ण कान्त मिश्रा ने फीता काटकर मशीन का उद्घाटन किया।

पालिका के खत्ते पर लंबे समय से जमा लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के लिए शासन से 71 लाख 59 हजार 900 रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। इस कार्य का ठेका मैसर्स बिजेन्द्रा इनर्जी एंड रिसर्च, मेरठ को दिया गया है। ट्रोमल मशीन के संचालन के साथ ही खत्ते पर जमा कूड़े की स्क्रीनिंग और प्रोसेसिंग का कार्य शुरू किया जाएगा।

ट्रोमल मशीन के माध्यम से मिश्रित कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में छांटने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। निस्तारण के दौरान प्राप्त होने वाले आरडीएफ, इनर्ट तथा अन्य लिगेसी वेस्ट का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण किया जाएगा। इससे पुराने जमा कूड़े को वैज्ञानिक पद्धति से प्रसंस्कृत करने के साथ-साथ पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी।

नगर पालिका के अधिकारियों के अनुसार ट्रोमल मशीन के माध्यम से नवंबर 2026 के अंत तक मौहल्ला तिहाई तहसील बाईपास स्थित पालिका के खत्ते पर पड़े कूड़े का शत-प्रतिशत निस्तारण करने का लक्ष्य रखा गया है। मशीन के संचालन से खत्ते पर जमा पुराने कचरे की स्क्रीनिंग और प्रोसेसिंग में तेजी आएगी तथा कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी की जा सकेगी।

उद्घाटन के अवसर पर पालिका अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक ने कहा कि लिगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण नगर पालिका की प्राथमिकताओं में शामिल है। ट्रोमल मशीन के संचालन से पुराने कूड़े के निस्तारण की प्रक्रिया को गति मिलेगी और निर्धारित समय सीमा में खत्ते को साफ करने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान अधिशासी अधिकारी कृष्ण कान्त मिश्रा, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राकेश कुमार, लिपिक लाखन सिंह, जिला प्रोग्राम मैनेजर अमरनाथ, सफाई सहायक राजपति यादव, सतपाल, मोनू सहित आसपास के नागरिक मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |