भारतीय गेंदबाजों का कहर! एशियन गेम्स सेमीफाइनल में जाने के लिए टीम इंडिया को सिर्फ 58 का लक्ष्य
September 18, 2026
भारतीय गेंदबाजों ने क्वार्टरफाइनल मैच में जापान को 57 रनों पर ढेर कर दिया है. 18 सितंबर को एशियन गेम्स में भारत और जापान की महिला क्रिकेट टीमों का क्वार्टरफाइनल मैच कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क पर खेला जा रहा है. भारत की ओर से श्री चरणी ने अकेले ही 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. जापान टीम के 9 बल्लेबाज तो रनों के मामले में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए.
इस क्वार्टरफाइनल मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. जापान के लिए हारुना इवासाकी और अयाका काटो स्टैफर्ड ने पहले विकेट के लिए 24 रन जोड़े, लेकिन उसके बाद धड़ाधड़ विकेट गिरते चले गए. आखिरी 33 रनों के भीतर जापान ने अपने साबही 10 विकेट खो दिए.
2026 एशियन गेम्स के क्वार्टरफाइनल मैच में भारतीय टीम को जीत के लिए सिर्फ 58 रन बनाने होंगे. इस टूर्नामेंट में सिर्फ 8 टीम भाग ले रही हैं और इसका हर एक मैच नॉकआउट होगा. इसलिए जापान हारते ही टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा. वहीं दूसरी ओर भारतीय टीम जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी, जहां उसका सामना बांग्लादेश से होगा.
जापान के लिए सबसे ज्यादा रन अयाका काटो स्टैफर्ड ने बनाए. हालांकि उन्होंने टेस्ट वाले अंदाज में बैटिंग की. अयाका ने 47 गेंद खेलकर 53.19 के धीमे स्ट्राइक रेट से 25 रन बनाए. उनकी ओपनिंग जोड़ीदार हारुना इवासाकी ने 22 गेंद में 10 रन बनाए, उनका स्ट्राइक रेट (45.45) अयाका से भी बेकार रहा.
टीम इंडिया के लिए सबसे सफल गेंदबाज श्री चरणी रहीं, जिन्होंने 4 ओवरों में सिर्फ 10 रन दिए और 4 बल्लेबाजों को आउट किया. अपने 4 ओवर के स्पेल में उन्होंने 2 मेडन ओवर भी फेंके. उनके अलावा शेफाली वर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि श्रेयंका पाटिल और दीप्ति शर्मा को एक-एक सफलता मिली.
