प्रतापगढः 450 से अधिक विद्यार्थियों ने दी सामान्य ज्ञान परीक्षा
September 13, 2026
प्रतापगढ़। विद्यार्थियों में शिक्षा, सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नेताजी सुभाष चंद्र बोस वेलफेयर सोसाइटी, कोहंडौर की ओर से रविवार को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें दो दर्जन से अधिक विद्यालयों के 450 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। संस्था का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना और भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। आयोजन की क्षेत्र में भी सराहना की जा रही है। सोसाइटी के प्रबंधक हबीबुर्रहमान ने बताया कि प्रतियोगिता का परिणाम 25 अक्तूबर 2026 को घोषित किया जाएगा। इसके बाद भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम में शिक्षक और समाज के प्रबुद्ध लोगों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। सोसाइटी अध्यक्ष अजीम उल्ला, उपाध्यक्ष जमीर असगर, उर्मिला सरोज, राहुल सोनी, डीके सिंह, सिद्धनाथ मिश्रा, हरितखान, वसीम आदिशबाज, अजमान खान, रामनाथ, एजाज, इश्तियाक, आशुतोष पाठक, कौशिक इकराम, महफूज, संदीप, नादिर, तारिक, हजरत, दिनेश सरोज, आमिर, अशोक, महेंद्र, विजयलक्ष्मी, किरन, फैसल और कमाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे। सोसाइटी पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों के हित में भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक और सामाजिक आयोजन जारी रहेंगे।
