पीलीभीत। कोतवाली पुलिस ने चेन स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से छीनी गई पीली धातु की चेन के साथ अवैध 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं। घटना में शामिल दूसरा आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर को अवध नगर कॉलोनी निवासी त्रिवेन्द्र कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनकी मां जानकी देवी घर का सामान लेकर दुकान से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनके गले में पहनी चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 319ध्2026, धारा 304(2) बीएनएस में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी।वारदात के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर अमरनाथ वर्मा के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए संदिग्धों की गतिविधियों और आवागमन की जानकारी जुटाई गई। लगातार पड़ताल के बाद पुलिस को घटना में इरफान उर्फ गुज्जर और फूल कुरैशी की संलिप्तता के संबंध में अहम सुराग मिले।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इरफान उर्फ गुज्जर पुत्र इस्तिकार, निवासी मोहल्ला बीबीजेई हद्दफ, थाना सदर बाजार, शाहजहांपुर, उम्र करीब 24 वर्ष को पुष्प इंस्टीट्यूट कॉलेज रोड से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पीली धातु की चेन, 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।चेन की बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई, जबकि अवैध हथियार मिलने पर धारा 3ध्25 आयुध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल फूल कुरैशी पुत्र शफीउल्ला निवासी मोहल्ला ककरा खुर्द, हाल निवासी मोहल्ला वर्कजई रेलवे लाइन, थाना कोतवाली, शाहजहांपुर अभी वांछित है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के सहारे पुलिस ने करीब एक सप्ताह में वारदात की कड़ियां जोड़ते हुए एक आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश अब भी जारी है।
