शुकुलबाजार/अमेठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत साईंगंज चैराहा स्थित दिव्या मेडिकल स्टोर में अज्ञात चोरों ने दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से करीब 15 हजार रुपये की नकदी और लगभग 10 हजार रुपये कीमत की दवाइयां लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साईंगंज चैराहा स्थित सिधौली मजरे इक्काताजपुर में ग्रामीण बैंक के सामने दिव्या मेडिकल स्टोर है। दुकान के संचालक अशोक कुमार तिवारी पुत्र द्वारिका प्रसाद निवासी डिढिया, ऊंचगांव ने बताया कि 27 और 28 सितंबर की रात अज्ञात चोर छत के रास्ते दुकान तक पहुंचे। इसके बाद सीढ़ी से नीचे आने वाले दरवाजे के बगल की दीवार तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया। चोरों ने दुकान में रखी करीब 15 हजार रुपये की नकदी और लगभग 10 हजार रुपये कीमत की दवाइयां चोरी कर लीं। सोमवार 28 सितंबर की सुबह करीब 8.30 बजे अशोक कुमार तिवारी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। दीवार टूटी देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। दुकान संचालक के अनुसार, दिव्या मेडिकल स्टोर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। करीब तीन वर्ष पूर्व भी अज्ञात चोरों ने इसी दुकान को निशाना बनाकर चोरी की थी। दोबारा हुई चोरी की घटना से आसपास के दुकानदारों में भी चिंता है। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर घटना की जांच, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मौके की जानकारी लेने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, तीन साल पहले भी हो चुकी है इसी दुकान में चोरी
