Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा ने किया नमन! करीब 2500 से अधिक बूथों पर हुए कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं ने अंत्योदय के संकल्प को दोहराया


प्रतापगढ़। जिले में भारतीय जनता पार्टी द्वारा एकात्म मानववाद के प्रणेता, राष्ट्रवादी चिंतक एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं संकल्प के साथ मनाई गई। जनपद मुख्यालय से लेकर बूथ स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन, संघर्ष एवं विचारों को स्मरण किया।

जनपद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव, सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। आयोजित विचार गोष्ठी में भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का जीवन राष्ट्र और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और जनसेवा का साधन माना। उनका अंत्योदय का विचार आज भी भारतीय जनता पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी कार्यों को दिशा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पंडित दीनदयाल जी के विचारों को अपने आचरण में उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, विकास और जनकल्याण की पहुंच सुनिश्चित करने का संकल्प लेना चाहिए।

सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने भारतीय राजनीति को एकात्म मानववाद, राष्ट्रवाद, स्वदेशी और अंत्योदय की विचारधारा से नई दिशा प्रदान की। उनका जीवन सादगी, राष्ट्रनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल जी का चिंतन केवल किसी राजनीतिक विचारधारा तक सीमित नहीं था, बल्कि वह सम्पूर्ण समाज के कल्याण और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास का मार्गदर्शन करता है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

जिला प्रवक्ता राघवेन्द्र शुक्ला ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर जनपद के करीब 2500 से अधिक बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही उनके जीवन, एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के विचारों को कार्यकर्ताओं और आमजन के बीच साझा किया गया।

जिला सह मीडिया प्रभारी देवेश त्रिपाठी ने बताया कि बूथ स्तर तक आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके अंत्योदय के संकल्प को सेवा एवं जनकल्याण के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर भाजपा नेता आशुतोष त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष अनुराग मिश्र,राम आसरे पाल,रामजी मिश्र, सदस्य काशी क्षेत्र अशोक मिश्र, जिला महामंत्री राजेश सिंह, अजय वर्मा, राजन मिश्र, जिला मंत्री सूर्य प्रकाश पटेल,अंशुमान सिंह, साधु दुबे, आलोक गर्ग, शिवांगू सोनकर, सुजीत पांडेय, गजराज सिंह सहित

भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |