नदौली बार्डर से चितू पांडेय चैराहा तक स्वागत यात्रा के बाद दोपहर 12 बजे जिला कार्यालय पहुंचेंगे नवनियुक्त जिलाध्यक्ष
बलिया। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य के जिलाध्यक्ष मनोनीत होने के बाद 24 सितंबर को पहली बार बलिया आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्टी के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील पाण्डेय कान्हजी ने बताया कि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत रसड़ा से लेकर बलिया तक विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 24 सितंबर को सुबह नौ बजे नदौली बार्डर, रसड़ा पर सुनील कुमार मौर्य का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद स्वागत यात्रा रसड़ा के आजाद चैराहा, चिलकहर, पियरिया, फेफना, सागरपाली और बहेरी होते हुए चितू पांडेय चैराहा, बलिया पहुंचेगी।
इसके बाद दोपहर 12 बजे समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर पार्टीजनों की ओर से नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान सुनील कुमार मौर्य मीडिया के साथ संवाद भी करेंगे।
कार्यक्रम के बाद नवनियुक्त जिलाध्यक्ष बांसडीह के लिए रवाना होंगे। पार्टी प्रवक्ता सुशील पाण्डेय कान्हजी ने समाजवादी पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
