बीसलपुर। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में बालाजी धर्मार्थ नेत्र चिकित्सा सेवा की ओर से एक दिवसीय निरूशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 215 मरीजों की आंखों की जांच कर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार संबंधी जानकारी दी।
कैलाश आई हॉस्पिटल एवं लेजर सेंटर, बरेली के वरिष्ठ नेत्र फेको सर्जन डॉ. अक्षत बॉस ने मरीजों की विस्तृत जांच की। उन्होंने विभिन्न नेत्र समस्याओं की पहचान कर उपचार के संबंध में आवश्यक सलाह दी। जरूरतमंद मरीजों को आगे की चिकित्सा और सर्जरी के लिए भी मार्गदर्शन दिया गया।
नेत्र परीक्षक डॉ. इशरत अली ने भी मरीजों की जांच में सहयोग किया। उन्होंने लोगों को नियमित रूप से आंखों की जांच कराने, आंखों की उचित देखभाल करने और नेत्र रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। चिकित्सकीय टीम ने मरीजों को उनकी समस्याओं को सरल भाषा में समझाते हुए उपचार संबंधी जानकारी दी।
शिविर में आयुष्मान कार्डधारक मरीजों को भी चिह्नित किया गया, ताकि पात्र मरीजों के निरूशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की व्यवस्था कराई जा सके। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
शिविर के आयोजन में विद्यालय के प्रबंधक विष्णु कुमार गोयल और प्रधानाचार्य डॉ. रविशरण सिंह चैहान का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय की ओर से अनिल कुमार, नितिन अग्रवाल, अनूप शुक्ला और वीरेंद्र कुमार ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। नेत्र जांच टीम में दीपक माथुर, मुनीश कुमार, चांद बाबू, नीतीश कुमार और प्रांजल ने भी जिम्मेदारी संभाली। शिविर के समापन पर विद्यालय प्रबंधन और मरीजों ने डॉ. अक्षत बॉस, डॉ. इशरत अली सहित पूरी चिकित्सा टीम का आभार जताया। मरीजों ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में जांच के साथ उन्हें आगे के उपचार की जानकारी भी मिल सकी।
