बीसलपुर। लगातार हो रही बारिश ने बीसलपुर तहसील क्षेत्र में जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। शनिवार को ग्राम हाफिज नगर बन्नाही में बारिश के कारण दो पुराने मकानों के हिस्से ढह गए। संयोग से दोनों घटनाओं में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
गांव निवासी नाथू कश्यप का मकान काफी समय से बंद पड़ा है। नाथू कश्यप गांव से बाहर रहकर काम करते हैं। लगातार बारिश के कारण उनके मकान का करीब आधा हिस्सा और एक दीवार ढह गई। पड़ोस में गिरजा शंकर के पुश्तैनी मकान का जीना भी बारिश के चलते गिर गया। पुराने मकान के बाहर बने हिस्से में कमरे की छत का कुछ भाग भी क्षतिग्रस्त होकर नीचे आ गिरा। मकान में वर्तमान में कोई नहीं रहता था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इधर, गांव के बाहर मुख्य रास्ते पर बारिश के दौरान पीपल का पेड़ गिर गया। इससे रास्ते पर आवागमन बाधित हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। लगातार बारिश के चलते गांव के आसपास खेतों में भी पानी भर गया है। इससे धान और गन्ने की फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। किसानों ने प्रशासन से जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
