अमेठीः 21 किमी की दौड़, 51 हजार की बाजी! चार अक्टूबर को अमेठी में होगा मैराथन महासंग्राम
September 24, 2026
अमेठी। पूर्व प्राविधिक शिक्षा मंत्री एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी डॉ. अमीता सिंह के जन्मदिवस पर अमेठी में खेल और युवा उत्साह का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। राजर्षि रणंजय सिंह जन कल्याण समिति की ओर से अमेठी मैराथन-2026 का आयोजन 4 अक्टूबर को किया जाएगा। 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन सुबह 6.30 बजे स्वामी शांतानंद पुजारी इंटर कॉलेज, तुलापुर, मिश्रौली से शुरू होकर श्री आसलदेव इंटर कॉलेज, पीपरपुर में समाप्त होगी। मैराथन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक समरसता, जनकल्याण और अमेठी के सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।प्रतियोगिता में महिला और पुरुष वर्ग के लिए समान पुरस्कार राशि’’ रखी गई है। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान पाने वाले धावक को 51 हजार, द्वितीय को 31 हजार, तृतीय को 21 हजार और चतुर्थ स्थान पाने वाले को 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। पांचवें से दसवें स्थान तक रहने वाले प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। मैराथन में केवल अमेठी विधानसभा क्षेत्र के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता ओपन कैटेगरी में होगी, जिसमें किसी भी आयु वर्ग के महिला-पुरुष भाग ले सकते हैं। पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। आवेदन के साथ आधार कार्ड, फिटनेस संबंधी मेडिकल प्रमाणपत्र और वैध निवास प्रमाणपत्र की छायाप्रति जमा करनी होगी। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित है। क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं निर्धारित केंद्रों से फॉर्म प्राप्त और जमा किए जा सकते हैं।
