Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी शुरू


अमेठी। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्विघ्न ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार से तहसील गौरीगंज स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का कार्य शुरू हो गया। एफएलसी की प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी के बीच कराई जा रही है। बेंगलुरु से आए अधिकृत इंजीनियरों द्वारा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच के दौरान मशीनों की कार्यक्षमता और निर्धारित मानकों के अनुरूप उनकी स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है। एफएलसी कार्य का निरीक्षण जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक चैधरी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नामित प्रेक्षक एवं नोडल अधिकारी श्रीमती एथेल रोथांगसुई, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, मिजोरम के साथ किया। अधिकारियों ने वेयरहाउस में चल रही जांच प्रक्रिया का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता एवं सतर्कता के साथ पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने में ईवीएम और वीवीपैट की तकनीकी जांच की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि एफएलसी से संबंधित प्रत्येक कार्यवाही निर्धारित मानकों के अनुसार और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ही संपन्न कराई जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमृता सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी केलकर सिंह सहित निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से एफएलसी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा, पारदर्शिता और निर्धारित प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |