फर्जी इनकम टैक्स और क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर मारा छापा, मांगा 1 करोड़ का एक्सटॉर्शन
September 06, 2026
महाराष्ट्र में मुंबई की अंधेरी पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो खुद को इनकम टैक्स और क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लोगों के ऑफिस में फर्जी छापा मारता था और फिर कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर मोटी रकम डिमांड करता था। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इस गिरोह ने एक कारोबारी से 1 करोड़ रुपये का एक्सटॉर्शन मांगा था।
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता के ऑफिस में 6 पुरुष और तीन महिलाएं, यानी कुल 9 लोग, साजिश के तहत पहुंचे। आरोपियों ने खुद को इनकम टैक्स और क्राइम ब्रांच का अधिकारी और कर्मचारी बताया, जबकि वे इन विभागों से जुड़े हुए नहीं थे। आरोपियों ने फर्जी सरकारी पहचान पत्र भी दिखाए।
इसके बाद आरोपी जबरदस्ती शिकायतकर्ता के ऑफिस में घुस गए। उन्होंने शिकायतकर्ता और उनकी पत्नी को अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही शिकायतकर्ता, उनकी पत्नी और ऑफिस में काम करने वाले 10 अन्य कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी अपने पास ले लिए। इतना ही नहीं, किसी को भी ऑफिस से बाहर जाने नहीं दिया गया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता को कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी और उनके साथ गाली-गलौज की। कार्रवाई से बचाने के नाम पर आरोपियों ने 1 करोड़ रुपये का एक्सटॉर्शन मांगा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अंधेरी पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 812/2026 दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2), 204, 205, 333, 140(2), 127(1), 351(2) और 308(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी जांच की मदद से आरोपियों की पहचान की और 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
