लखनऊ। गणेशगंज-बशीरतगंज क्षेत्र में नगर निगम जोन-1 की कार्यप्रणाली को लेकर पार्षदों और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। क्षेत्र के पार्षद गिरीश गुप्ता स्थानीय व्यापारियों के समर्थन में उतर आए हैं और टैक्स नोटिस वितरण प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्षद का कहना है कि संवेदनशील दस्तावेज ऐसे अनधिकृत लोगों द्वारा घर-दुकानों तक पहुंचाए जा रहे हैं, जो नगर निगम के अधिकृत कर्मचारी ही नहीं हैं। उन्होंने तीखा सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर ये बाहरी लोग नोटिस बांट रहे हैं ?
पार्षद गिरीश गुप्ता ने जोनल अधिकारी ओम प्रकाश की कार्यप्रणाली पर कड़ा एतराज जताया है। उनका आरोप है कि अधिकारियों द्वारा न तो व्यापारियों की समस्याओं को सुना जा रहा है और न ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से लिया जा रहा है। इस ढुलमुल रवैये से आहत होकर पार्षद ने राजस्व निरीक्षक देवी शंकर दुबे के खिलाफ अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव से लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
पार्षद गिरीश गुप्ता ने स्पष्ट किया कि वे व्यापारियों के साथ किसी भी सूरत में अन्याय नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि जोन-1 में व्याप्त अव्यवस्था, टैक्स नोटिस की गड़बड़ियों और अवैध वितरण प्रक्रिया का पूरा मामला अब महापौर के समक्ष उठाया जाएगा। पार्षद ने भरोसा दिलाया है कि वे व्यापारियों के हक की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेंगे और इस मामले को मुकाम तक पहुंचेंगे।
