पीलीभीत। बाइक चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच सुनगढ़ी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 17 बाइकें बरामद की हैं। बरामद बाइकों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनकी पहचान छिपाने का खेल चल रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की बाइकों को बेचने के लिए उत्तराखंड ले जाने की तैयारी में थे। कार्रवाई के बाद बाइक चोरी करने वाले गिरोह में खलबली मच गई है।
पुलिस के अनुसार बरामद बाइकों में सिर्फ पीलीभीत की ही नहीं, बल्कि रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, बरेली और ऊधमसिंह नगर समेत अलग-अलग जिलों की बाइकें शामिल हैं। इससे गिरोह के नेटवर्क के कई जिलों तक फैले होने की आशंका गहरा गई है। पुलिस अब बरामद सभी बाइकों का संबंधित थानों से सत्यापन करा रही है, ताकि उनके वास्तविक मालिकों और चोरी के मुकदमों की जानकारी सामने आ सके।
रविवार को सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि सुनगढ़ी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए सक्रिय थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की बाइकें लेकर दो आरोपी माधोटांडा बाइपास रोड की ओर से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर दी। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को चोरी की दो बाइक समेत पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह (28) निवासी तोता बैरिया, थाना कैला खेड़ा, ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड और सिकंदर सिंह (23) निवासी ग्राम बेरखेड़ा, थाना बिलासपुर, रामपुर के रूप में हुई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइकों की असली नंबर प्लेट हटा दी जाती थी। इसके बाद उनकी पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगा दी जाती थी और ग्राहक तलाश कर उन्हें बेचने की तैयारी की जाती थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 15 और चोरी की बाइकें बरामद कर लीं। इस तरह पुलिस के हाथ कुल 17 बाइकें लगीं। पुलिस का दावा है कि आरोपी इन बाइकों को उत्तराखंड ले जाकर बेचने की फिराक में थे।
एक साथ 17 चोरी की बाइकें बरामद होने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनमें से कितनी बाइकें किन-किन स्थानों से चोरी हुई थीं। पुलिस संबंधित थानों से रिकॉर्ड खंगालकर वाहनों का सत्यापन करा रही है। इससे बाइक चोरी के कई पुराने मामलों के खुलने की उम्मीद है।
बरामदगी के बाद दर्ज मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सुखविंदर सिंह के खिलाफ थाना सुनगढ़ी में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा थाना बहेड़ी, बरेली में उसके खिलाफ धारा 318(4), 317(2), 317(5) बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज बताया गया है।
वहीं दूसरे आरोपी सिकंदर सिंह के खिलाफ भी थाना सुनगढ़ी में तीन मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा थाना बिलासपुर, रामपुर में उसके खिलाफ कई मुकदमे बताए गए हैं। इनमें मोटरसाइकिल चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर उनके अन्य साथियों तक पहुंचने और चोरी की और बाइकें बरामद करने की कार्रवाई की जा सकती है।
