Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बारिश ने मचाई तबाही! 14 राज्यों में अलर्ट, UP-बिहार से छत्तीसगढ़ तक बाढ़ का खतरा


बंगाल की खाड़ी से उठा 'अर्नब चक्रवात' भले ही कमजोर पड़ गया हो, लेकिन इसका असर देश के कई राज्यों में अब भी दिखाई दे रहा है। दिल्ली में बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

आज जिन 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश है।

उत्तर प्रदेश के कई शहरों में करीब 60 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। अलग-अलग हादसों में 13 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 32 जिलों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। प्रदेश के 63 जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

लखनऊ में भारी बारिश के कारण पुराने शहर के हुसैनाबाद इलाके में ऐतिहासिक गेट का एक हिस्सा गिर गया। यह काफी भीड़भाड़ वाला इलाका है और यहां से ट्रैफिक भी गुजरता है। हालांकि, हादसे के वक्त मौके पर भीड़ कम थी, इसलिए कोई घायल नहीं हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रास्ते को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया।

लखनऊ में ही KKC के पास एक कार पर पेड़ गिर गया, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, बरेली के बारादरी मॉडल टाउन इलाके में भी कार पर पेड़ गिरने की घटना सामने आई। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। वीडियो में एक महिला पेड़ गिरते ही भागकर अपनी जान बचाती दिखाई दे रही है।

उत्तर प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है। हालांकि, अगले 24 घंटे के बाद मौसम में सुधार की संभावना जताई गई है।

नेपाल सीमा से सटे जिलों में विशेष निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेस्क्यू टीमों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। डीएम और दूसरे अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों को तुरंत मदद देने को कहा गया है।

लखनऊ में भी इसका असर दिखाई दिया। तेज बारिश के बीच डीएम और नगर आयुक्त ने शहर का दौरा किया और जलभराव वाले इलाकों का जायजा लिया। अधिकारियों को जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।

लगातार बारिश के कारण कानपुर के कई इलाकों में पानी भर गया है। वहीं, गोरखपुर में शनिवार को तेज हवा के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति सामने ला दी। सड़कें और बाजार पानी में डूब गए और कई जगह बारिश का पानी घरों और दुकानों में घुस गया।

गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और लोगों को मदद का भरोसा दिया।

उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर भी भारी जलभराव हुआ है। टोल गेट के पास करीब तीन फीट तक पानी जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ। बशीरतगंज के पास भी पानी भरने से ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई।

इस बीच, अखिलेश यादव ने एक्स पर जलमग्न गंगा एक्सप्रेसवे की तस्वीर शेयर की और बीजेपी पर निशाना साधा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |