लखनऊ: राष्ट्रीय पोषण माह पर 13 दिवसीय जागरूकता अभियान परंपरा ट्रस्ट ने यू पी फोर्सेज के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया विशेष अभियान
September 25, 2026
लखनऊ। लखनऊ राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अवसर पर परंपरा ट्रस्ट, बक्शी का तालाब, लखनऊ द्वारा यू.पी. फोर्सेज के सहयोग से 13 से 25 सितम्बर 2026 तक 13 दिवसीय विशेष पोषण जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों में बच्चों, महिलाओं एवं किशोरियों के बेहतर पोषण, संतुलित आहार, स्वच्छता तथा स्वस्थ खान-पान की आदतों के प्रति जागरूकता बढ़ाना अभियान के अंतर्गत ग्राम चांदपुर, पृथ्वी नगर, डेरवा एवं अहमदपुर खेड़ा, विकासखंड बक्शी का तालाब में ग्रामीण समुदाय के बीच विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान प्रत्येक गांव से लगभग 50 से 55 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिलाओं, पुरुषों, बालिकाओं एवं बच्चों ने सक्रिय रूप से भाग लिया कार्यक्रम की शुरुआत परंपरा ट्रस्ट की निदेशक पूजा रावत द्वारा की गई। उन्होंने लघु नाटिका के माध्यम से ग्रामीणों को अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड, जंक फूड, पैकेट वाले खाद्य पदार्थ तथा अत्यधिक तला-भुना भोजन के अत्यधिक सेवन से होने वाली संभावित स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जागरूक किया। ग्रामीणों को समझाया गया कि ऐसे खाद्य पदार्थ बच्चों में मोटापा, कमजोरी, पाचन संबंधी समस्याओं और पोषण की कमी का कारण बन सकते हैं। साथ ही यह संदेश दिया गया कि पौष्टिक भोजन हमेशा महंगा नहीं होता। नाटिका के माध्यम से गुड़, चना, मुरमुरा, दालें, स्थानीय अनाज, हरी सब्जियां एवं मौसमी फलों जैसे कम लागत और आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों के पोषण संबंधी महत्व को रोचक ढंग से समझाया गया। ग्रामीणों को प्रेरित किया गया अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों की जगह स्थानीय एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों को अपने दैनिक भोजन में शामिल करें।इस अवसर पर ग्रामीण स्वास्थ्य प्रणाली की सहायक नर्स एवं दाई श्रीमती अनुपम मौर्या जी ने बच्चों के लिए कम खर्च में पौष्टिक भोजन तैयार करने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने भोजन में अनाज के साथ दाल, चना, हरी सब्जियां, मौसमी फल एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों को शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही बच्चों के नियमित एवं विविधतापूर्ण भोजन, स्वच्छता और स्वस्थ भोजन की आदतों के महत्व को समझाया।ए.के. ग्लोबल एकेडमी का महत्वपूर्ण सहयोग इस पोषण जागरूकता मुहिम को सफल बनाने में ए.के. ग्लोबल एकेडमी, महोना, लखनऊ का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विद्यालय के प्रबन्धक मोहम्मद अकील खान जी ने बच्चों एवं शिक्षकों के साथ इस अभियान में सक्रिय रूप से सहभागिता की।मो अकील खान ने स्वयं अभियान में सहभागी बनकर बच्चों एवं शिक्षकों को पोषण के महत्व, संतुलित आहार और स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूक किया। विद्यालय के बच्चों एवं शिक्षकों की सहभागिता से पोषण का संदेश परिवारों और समुदाय तक पहुंचाने के प्रयास को और मजबूती मिली।परंपरा ट्रस्ट एवं सहयोगी शिक्षकों की सक्रिय भूमिका इस 13 दिवसीय अभियान को सफल बनाने में परंपरा ट्रस्ट के ट्रस्टी पंकज रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने अभियान की गतिविधियों के संचालन, समन्वय एवं ग्रामीण समुदाय की सहभागिता को बढ़ाने में सक्रिय योगदान दिया।अभियान के विभिन्न चरणों में सहयोगी शिक्षकों एवं टीम सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें शशांक श्रीवास्तव, प्रशांत सिंह, दीप्ति, रूही, नाजिया खान, दिव्या कश्यप, रुखसार मलिक, गुलनाज खान, अंजली, मोहम्मद अहमद, अंजुम, अनम आदि शामिल रहे।इन सभी सहयोगियों ने ग्रामीणों एवं बच्चों के बीच पोषण संबंधी संदेशों को पहुंचाने, जागरूकता गतिविधियों में सहभागिता कराने तथा अभियान को सामुदायिक स्तर पर प्रभावी बनाने में अपना योगदान दिया।
