आगरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को होटल हॉलिडे इन में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आगरा श्री मनीष बंसल ने जनपद के 100 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने सभी शिक्षकों को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र, अंगवस्त्रम एवं मोमेंटो प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए हमें उन सभी कमियों और बाधाओं को दूर करना होगा, जो बच्चों की सीखने की क्षमता और शैक्षिक गुणवत्ता को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से अक्टूबर तक आगरा जनपद को निपुण जनपद बनाने का लक्ष्य हासिल किया जाना है।
सम्मान समारोह में उत्कृष्ट शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले सभी शिक्षकों ने भी भविष्य में और बेहतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग की टीम द्वारा समारोह के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सराहना की गई। शिक्षकों ने जिलाधिकारी द्वारा अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर बेसिक शिक्षा विभाग को दिए गए महत्वपूर्ण समय और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सम्मानित होने वाले सभी उत्कृष्ट शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम ने शिक्षक समुदाय में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
