नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़ी, अब तक 1003 मौतों की हुई पुष्टि
September 01, 2026
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ की वजह से भीषण तबाही मची है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है लेकिन मृतकों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। अब तक 1003 मौतों की पुष्टि हो गई है। ये आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
अधिकारियों ने बताया है कि नेपाल की बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,003 हो गई, क्योंकि सुरक्षा बलों ने देश के 8 जिलों से और शव बरामद किए हैं।
नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) ने बताया कि लगभग 4,000 लोग अभी भी लापता हैं, जबकि करीब 12,000 लोगों को बचाया गया है।
26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के गिरने और हिमस्खलन से अचानक विनाशकारी बाढ़ आई थी। इस बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया था।
दरअसल हिमालयी सीमावर्ती इलाके से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी, बाढ़ का पानी नीचे की ओर ले गई थी, जिससे लोगों के घर, वाहन, सड़कें, जानवर और पुल बह गए और जलविद्युत परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं।
नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी NDRRMA के अनुसार, सबसे ज्यादा 321 शव चितवन जिले में बरामद किए गए, इसके बाद नवलपरासी ईस्ट में 216, नवलपरासी वेस्ट में 170, नुवाकोट में 95, गोरखा में 65, धाडिंग में 57, रसुवा में 41 और तनहुन में 38 शव बरामद किए गए।
