Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: जामपानी में बनेगा 25.28 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय।

सोनभद्र। जनपद के दुद्धी तहसील क्षेत्र स्थित ग्राम जामपानी में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण के लिए 25.28 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस स्वीकृति के बाद जनपदवासियों में खुशी की लहर है और लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत बनने वाला यह विद्यालय आधुनिक एवं समेकित शैक्षिक परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा। विद्यालय में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध होगी, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि विद्यालय को लगभग 12 से 15 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। यहां करीब 1500 विद्यार्थियों के अध्ययन की व्यवस्था होगी। आधुनिक भवन, स्मार्ट कक्षाएं, खेल सुविधाएं, कौशल विकास से जुड़े संसाधन तथा अन्य शैक्षिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना विशेष रूप से एससी-एसटी बाहुल्य दुद्धी क्षेत्र के ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों के विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। एक ही परिसर में शिक्षा, खेल, कौशल विकास और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की सुविधाएं मिलने से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि जामपानी में इस स्तर के आधुनिक विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित यह विद्यालय भविष्य में क्षेत्र के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |