सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने ग्राहकों से ऋण की किश्त वसूलकर कंपनी में जमा करने के बजाय निजी उपयोग में खर्च करने और फर्जी रसीदें तैयार कर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल फोन से रसीदों में फेरबदल कर ग्राहकों को गुमराह करता था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने संजय कुमार मौर्य (31 वर्ष) निवासी ग्राम शिवखरी, पोस्ट केकराही, थाना रॉबर्ट्सगंज को चंडी होटल के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा संख्या 509/2026 दर्ज है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे उस समय दबोच लिया, जब वह कहीं जाने की फिराक में था। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास भी किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पैसालो डिजिटल लिमिटेड में कार्यरत था। उसका दायित्व ग्राहकों से ऋण की किश्तें और अन्य देय धनराशि लेकर कंपनी में जमा कराना था। आर्थिक लाभ के लालच में वह ग्राहकों से प्राप्त रकम कंपनी में जमा न करके अपने निजी कार्यों में खर्च कर देता था। इस हेराफेरी को छिपाने के लिए वह मोबाइल फोन के जरिए कंपनी की रसीदों को एडिट कर ग्राहकों को उपलब्ध कराता था, जिससे उन्हें विश्वास बना रहता था कि उनकी जमा राशि कंपनी के खाते में पहुंच चुकी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की इस करतूत से कंपनी को आर्थिक क्षति हुई है। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी लोढ़ी उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव तथा आरक्षी अमित कुमार शुक्ला शामिल रहे।
