रेणुकूट, 10 अगस्त। लायंस क्लब ऑफ रेणुकूट का वार्षिक इंस्टालेशन एवं शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को स्थानीय मल्टी फैसिलिटी हॉल, एडीएम कॉलोनी, हिंडाल्को में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर क्लब की सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंडलाध्यक्ष एवं सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल ने लायंस क्लब की सेवा परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह विश्व की सबसे बड़ी सेवा संस्थाओं में से एक है, जो मानव सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। पूर्व मंडलाध्यक्ष जे.एन. श्रीवास्तव ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जबकि पूर्व मंडलाध्यक्ष मुकुंद लाल टंडन ने पांच नए सदस्यों को क्लब की सदस्यता ग्रहण कराई।
समारोह में लायन गोपाल सिंह ने अध्यक्ष, लायन रूपेश सिंह ने सचिव तथा लायन नवीन जोशी ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन लायन संजय सक्सेना एवं रिशु सक्सेना ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था कार्यक्रम चेयरमैन डॉ. राकेश रंजन के नेतृत्व में संपन्न हुई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि लायंस क्लब का मूल मंत्र “वी सर्व – हम सेवा करते हैं” है। उन्होंने कहा कि क्लब आगामी वर्ष में शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कई जनहितकारी कार्यक्रम संचालित करेगा।
इस अवसर पर लायन रॉबिन श्रीवास्तव, संजय अमिष्ट, मुकुल श्रीवास्तव, संजय कुमार, विवेक अग्रवाल, एल.पी. गुप्ता, सुनील दुबे, सुभाष राय, बृजेश जायसवाल, सुनील अग्रवाल, सतीन परवाल, विष्णु मोदी, राहुल अग्रवाल, मनोज सिंह, डी.सी. पांडे, संतोष जायसवाल, विनोद अग्रवाल, प्रकाश चंद्र गुप्ता सहित विभिन्न क्लबों के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन रात्रि सहभोज के साथ हुआ। सभी सदस्यों ने व्हाइट शर्ट पहनकर एकता और अनुशासन का संदेश दिया।
