सोनभद्र। जिले में निजी विद्यालयों के वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र स्थित मारकुंडी घाटी में सोमवार को एक निजी स्कूल बस का ब्रेक फेल हो जाने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया तथा बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार विद्यालय की छुट्टी के बाद बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान मारकुंडी घाटी में उतराई के समय बस का ब्रेक अचानक जवाब दे गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने घबराने के बजाय साहस और समझदारी का परिचय दिया तथा बस को सड़क किनारे मौजूद चट्टान से नियंत्रित तरीके से टकराकर रोक दिया। इससे बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई की ओर जाने से बच गई।
घटना के बाद बस में सवार बच्चों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया, लेकिन सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे। सूचना मिलने पर अभिभावक मौके पर पहुंचे और बच्चों को सकुशल देखकर राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने भी चालक की तत्परता और साहस की सराहना की।
इस घटना के बाद अभिभावकों ने जिले में संचालित निजी विद्यालयों की पुरानी बसों और अन्य स्कूली वाहनों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि समय-समय पर वाहनों की जांच और फिटनेस अभियान चलाए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई पुराने और जर्जर वाहन अब भी बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करते हुए सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
अभिभावकों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि सभी निजी विद्यालयों के वाहनों की सघन जांच कराई जाए तथा फिटनेस मानकों का पालन न करने वाले वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की पुनरावृत्ति न हो सके। घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
