अब IIT बॉम्बे में FDA की बड़ी कार्रवाई, बिना लाइसेंस चल रही 2 कैंटीनों को बंद कराया
August 08, 2026
महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन यानी FDA की कार्रवाई तेजी से जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य पदार्थों की जगहों पर लगातार एक्शन देखने को मिल रहा है। अब महाराष्ट्र FDA का एक्शन IIT बॉम्बे में भी देखने को मिला है। जानकारी के अनुसार, FDA ने खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने पर IIT बॉम्बे परिसर की दो कैंटीनों को नोटिस जारी कर बंद करा दिया है। वहीं, एक अन्य कैंटीन को सुधार नोटिस (Improvement Notice) जारी किया गया है।
FDA अधिकारियों द्वारा शिकायत के आधार पर IIT बॉम्बे परिसर में किए गए निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दो कैंटीनें कथित तौर पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का आवश्यक लाइसेंस लिए बिना संचालित की जा रही थीं। इसके बाद दोनों कैंटीनों को खाद्य व्यवसाय बंद करने का नोटिस जारी किया गया। वहीं, तीसरी कैंटीन के पास वैध लाइसेंस होने के बावजूद खाद्य सुरक्षा मानकों के कुछ नियमों का पालन नहीं पाया गया। इस पर संबंधित कैंटीन को सुधार नोटिस जारी किया गया। आपको बता दें कि इससे पहले महाराष्ट्र FDA ने बॉम्बे हाई कोर्ट के कैंटीन की भी जांच की थी। हाई कोर्ट ने FDA को निर्देश दिया था कि बॉम्बे हाई कोर्ट कैंटीन सहित सरकारी और अर्ध-सरकारी भोजनालयों का भी निरीक्षण किया जाए।
