मुसाफिरखाना: संत बैताली साहब कॉन्वेंट स्कूल की छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन
August 02, 2026
मुसाफिरखाना/अमेठी। संत बैताली साहब कॉन्वेंट स्कूल, बहोरखा, शाहगढ़ की छात्राओं ने भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद स्तर पर टॉप-3 में स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा अंशु मौर्य (पुत्री श्री रामसूरत मौर्य) एवं कक्षा 7 की छात्रा वार्तिका पाल (पुत्री श्री राजकरण पाल) को उनकी इस उपलब्धि के लिए श्री बजरंग सिंह महाविद्यालय, मऊ, गौरीगंज में आयोजित सम्मान समारोह में प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित कुमार, सहायक शिक्षक आचार्य वीरेंद्र कुमार शुक्ल तथा सहायक शिक्षिका श्रीमती जानकी पाल उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य अंकित कुमार ने कहा कि छात्राओं की सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। विद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए गायत्री परिवार, अमेठी तथा क्षेत्रीय विधायक राकेश प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद व प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।
