Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुलतानपुरः बारिश बनी आफत! कच्चे मकान ढहे , पेड़ गिरने से युवती गंभीर


  • सलाहपुर में दो परिवार हुए बेघर, मदनपुर पनियार में छप्पर के नीचे सो रही ममता पर गिरा महुआ का पेड़य लखनऊ में चल रहा उपचार
  • मुसीबत में सेवार्थम फाउंडेशन ने बढ़ाया मदद का हाथ, पीड़ित परिवारों को राशन और तिरपाल उपलब्ध कराया

लम्भुआ/सुलतानपुर।लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं कच्चे मकान भरभराकर गिर रहे हैं तो कहीं पेड़ गिरने से हादसे हो रहे हैं। भदैया मंडल के सलाहपुर ग्राम सभा में बारिश के कारण दो कच्चे मकान गिर गए। वहीं मदनपुर पनियार गांव में छप्पर के नीचे सो रही युवती के ऊपर महुआ का विशाल पेड़ गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद उसे लखनऊ रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

सलाहपुर ग्राम सभा में लगातार बारिश के कारण राम भरोसे निषाद और राम कैलाश निषाद के कच्चे मकान ढह गए। मकान गिरने से दोनों परिवारों के सामने रहने और गृहस्थी बचाने का संकट खड़ा हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के लोग समय रहते सुरक्षित निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

मकान गिरने की सूचना मिलने पर डॉ. आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में सेवार्थम फाउंडेशन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानी और भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। संस्था की ओर से जरूरत के मुताबिक हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।

उधर, मदनपुर पनियार गांव में बारिश और तेज हवा के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रही ममता, पुत्री स्वर्गीय कृपा शंकर, के ऊपर अचानक महुआ का विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से ममता गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने कड़ी मशक्कत कर पेड़ और मलबे के बीच फंसी ममता को बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। सुलतानपुर में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार लखनऊ में उनका उपचार जारी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलने पर सेवार्थम फाउंडेशन की टीम ने पीड़ित परिवार से संपर्क किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

सेवार्थम फाउंडेशन की ओर से बारिश से प्रभावित परिवारों की मदद का सिलसिला लगातार जारी है। इससे पहले संसरीपुर ग्राम सभा में स्वर्गीय भागेलू राम की पत्नी के परिवार को भी संस्था की टीम ने सहयोग पहुंचाया। टीम ने परिवार के घर पहुंचकर राशन सामग्री उपलब्ध कराई। बारिश से क्षतिग्रस्त छप्पर पर तिरपाल डालकर परिवार को तत्काल राहत पहुंचाई गई।

लगातार बारिश के बीच सेवार्थम फाउंडेशन की इस पहल से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और भावनात्मक सहारा मिल रहा है। संस्था का कहना है कि सेवा का वास्तविक अर्थ केवल घोषणा करना नहीं, बल्कि जरूरत के समय जरूरतमंद के साथ खड़ा होना है। ‘सेवा ही संकल्प’ के संदेश के साथ फाउंडेशन की टीम बारिश से प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर उनकी जरूरतों के अनुसार सहयोग करने में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |