Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलिया: खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास और नशे से दूर रखने का सशक्त माध्यम -सांसद नीरज शेखर


जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन, युवाओं ने प्रधानमंत्री के विचार सुने और जनप्रतिनिधियों से किया संवाद


बलिया। खेल युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और सक्रिय जीवनशैली से जोड़ने के साथ ही उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम है। युवाओं को खेलों से जोड़कर उनके शारीरिक और मानसिक विकास को नई दिशा दी जा सकती है। यह बात राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने गुरुवार को जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के दौरान कही।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया और किसान पीजी कॉलेज, रतसर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ तथा मेरा युवा भारत, बलिया के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसमें विश्वविद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं और युवाओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नीरज शेखर तथा विशिष्ट अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल रहे। जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, बलिया रवि कुमार मिश्रा, राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार सिंह, डॉ. संजीव सिंह समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 1600 से अधिक महाविद्यालयों से जुड़े 10 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने भारत की खेल उपलब्धियों, खेल सुविधाओं के विस्तार और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने ‘स्क्रीन टू स्पोर्ट्स’ और ‘प्ले स्टेशन टू प्ले ग्राउंड’ जैसे संदेशों के माध्यम से युवाओं से डिजिटल स्क्रीन पर बिताए जाने वाले समय को कम कर खेल के मैदान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने भारत को वैश्विक खेल शक्ति के रूप में और मजबूत करने के लिए वर्ष 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स तथा 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी जैसे महत्वाकांक्षी लक्ष्यों का भी उल्लेख किया।

सांसद नीरज शेखर ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने का महत्वपूर्ण आधार है। नियमित खेल और शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में सहायक होती हैं तथा उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं के जोखिम को कम करने में मदद कर सकती हैं। उन्होंने युवाओं से खेल को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल ने विश्वविद्यालय परिसर में खेल सुविधाओं के विकास एवं निर्माण की जानकारी देते हुए युवाओं को पढ़ाई के साथ खेल और शारीरिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित युवाओं को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ै।प्) से जुड़े खिलाड़ियों और प्रशिक्षक ने भी सहभागिता की। खिलाड़ी शौर्य सिंह और शालिनी तथा कोच अजय राज सिंह ने युवाओं के साथ अपने खेल और प्रशिक्षण से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने खेल में सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रशिक्षण को आवश्यक बताया।

यूथ आइकन नितिका सिंह ने मेरा युवा भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियों, योजनाओं और युवा सहभागिता के अवसरों की जानकारी दी।

संवाद कार्यक्रम में युवाओं ने सांसद नीरज शेखर और कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल के समक्ष विभिन्न सुझाव और अपेक्षाएं रखीं। युवाओं ने जनपद में खेल आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जिम एवं फिटनेस सेंटर की स्थापना तथा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग प्रमुखता से उठाई।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं का मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण भी कराया गया। साथ ही विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अंतर्गत पोर्टल पर संचालित विभिन्न क्विज प्रतियोगिताओं में युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई।

अंत में जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने अतिथियों, विश्वविद्यालय प्रशासन, राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, यूथ आइकन और प्रतिभागी युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से युवाओं को खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |