- चार दिनों में एक लाख से अधिक व्यूज, सोशल मीडिया पर रील्स की बनी पहली पसंद
लखनऊ/हरिद्वार। श्रावण माह और कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर रिलीज हुआ शिव भजन ष्भोले संग रहनाष् इन दिनों श्रद्धालुओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। कांवड़ यात्रा के विभिन्न मार्गों पर यह भजन लगातार सुनाई दे रहा है, वहीं सोशल मीडिया पर हजारों लोग इस भजन पर रील बनाकर साझा कर रहे हैं। भजन को रिलीज हुए अभी केवल चार दिन ही हुए हैं और इसे एक लाख से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। दर्शकों का भरपूर प्यार मिलने के साथ इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है।
भगवानपुर के अभिनेता राहुल वर्मा ने निभाया दमदार किरदार, अभिनय की हो रही सराहना
उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के भगवानपुर निवासी अभिनेता राहुल वर्मा ने इस शिव भजन में अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया है। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति और शिवभक्ति से ओत-प्रोत अभिनय की हर ओर सराहना हो रही है। राहुल वर्मा का किरदार भजन की सबसे बड़ी खासियत बनकर उभरा है, जिसके चलते दर्शक उनसे जुड़ाव महसूस कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनके अभिनय की प्रशंसा कर रहे हैं।
विधान केसरी से विशेष बातचीत में राहुल वर्मा ने बताया कि श्रावण माह में लाखों शिवभक्त दूर-दराज से कांवड़ लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने निकलते हैं। इसी आस्था और श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए यह शिव भजन तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि दर्शकों का जो प्यार इस भजन को मिल रहा है, वह उनके लिए बेहद प्रेरणादायक है।
दर्शकों से की भजन को अधिक से अधिक देखने की अपील, जल्द आएगा नया गीत
राहुल वर्मा ने बताया कि रिलीज के बाद से ही भजन को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और व्यूज लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने सभी शिवभक्तों और संगीत प्रेमियों से अपील की कि वे इस भजन को अधिक से अधिक देखें, साझा करें और अपना स्नेह बनाए रखें, ताकि पूरी टीम का उत्साह बढ़े।
उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही उनका एक और नया गीत रिलीज होने वाला है। उन्हें विश्वास है कि दर्शक जिस तरह ष्भोले संग रहनाष् को प्यार दे रहे हैं, उसी तरह उनके आगामी गीत को भी भरपूर समर्थन मिलेगा।
यूके म्यूजिक हस्सी पर हुआ लॉन्च, पूरी टीम के प्रयासों की हो रही प्रशंसा
शिव भजन भोले संग रहना को यूके म्यूजिक हस्सी पर लॉन्च किया गया है। भजन को जी तारीफ ने अपनी मधुर आवाज से सजाया है, जबकि गीत और संगीत की रचना भी जी तारीफ ने ही की है।
भजन में मुख्य कलाकारों के रूप में राहुल वर्मा, जिया रावत, खुशी, बिट्टू बादसिकरी और करमजीत सिंह विर्क ने अभिनय किया है। इसका निर्देशन सुनील सिरता ने किया है, जबकि निर्माता हस्सी मिर्जा हैं।
श्रावण माह में शिवभक्ति की भावना से सराबोर यह भजन अपनी मधुर प्रस्तुति, आकर्षक संगीत और राहुल वर्मा के प्रभावशाली अभिनय के कारण श्रद्धालुओं के बीच विशेष पहचान बना चुका है। कांवड़ यात्रा के दौरान इसकी बढ़ती लोकप्रियता इस बात का प्रमाण है कि यह भजन आने वाले समय में भी शिवभक्तों की पसंद बना रहेगा।
