Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पटना एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, लैंडिंग से ठीक पहले फ्लाइट से टकराया पक्षी


बिहार की राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां दिल्ली आ रही एक फ्लाइट हादसे का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गई। जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया का विमान दिल्ली से पटना आ रहा था। यहां पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले विमान से एक पक्षी टकरा गया। हादसे के बाद विमान में सवार यात्री परेशान हो गए। हालांकि विमान को सुरक्षित एयरपोर्ट पर लैंड करा लिया गया है। हालांकि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं, इसके बावजूद अधिकारियों ने रनवे की जांच की।

एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह पटना एयरपोर्ट पर उतरते समय एक पक्षी एयर इंडिया की फ्लाइट से टकरा गया। यह विमान दिल्ली से आ रहा था और पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले यह घटना सामने आई। फिलहाल अधिकारियों ने रनवे की जांच कर ली है। उन्होंने बताया कि दिल्ली से पटना आ रही इस फ्लाइट में 164 यात्री सवार थे। पटना एयरपोर्ट पर यह विमान सुबह 7:44 बजे लैंडिंग करने वाला था, उससे पहले ही यह घटना हुई।

एयरपोर्ट अधिकारी ने कहा, "एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 के पायलट ने पक्षी के टकराने की आशंका जताई। प्लेन के उतरने के बाद अधिकारियों ने रनवे की जांच की।" उन्होंने कहा, "इस घटना की वजह से एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन में कोई रुकावट नहीं आई। सभी यात्री सुरक्षित हैं।" अधिकारी ने कहा कि पक्षियों का टकराना कोई असामान्य बात नहीं है, खासकर बारिश के मौसम में जब पक्षियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों और जानवरों की गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए एक कमेटी हर महीने जांच करती है। अधिकारी ने आगे कहा, "जांच के आधार पर हम रिपोर्ट तैयार करते हैं जिसमें उन जगहों के बारे में बताया जाता है जहां सफाई की ज़रूरत है।"

वहीं एक अन्य मामले में रविवार को रांची एयरपोर्ट पर एक विमान को पांच घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। रांची से बेंगलुरु जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में पांच घंटे की देरी हुई, क्योंकि एयरलाइन को दिल्ली से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवाने पड़े। अधिकारी ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या 1239 बेंगलुरु से यहां पहुंची थी। उड़ान के दौरान, एक यात्री को सांस लेने में दिक्कत हुई और उसे विमान में ही ऑक्सीजन दी गई। यात्री की हालत ठीक थी और रांची एयरपोर्ट पर उड़ान उतरने के बाद वह घर चला गया।

बेंगलुरु जाने वाली वापसी की उड़ान में पांच घंटे की देरी हुई क्योंकि एयरलाइन को नई दिल्ली से ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतज़ाम करना पड़ा। एयरपोर्ट डायरेक्टर विनोद कुमार सिंह ने कहा, "एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 1239 सुबह करीब 8.55 बजे यहां पहुंची। दिल्ली से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवाने और यहां लाने के बाद, रांची से यात्रियों को लेकर बेंगलुरु जाने वाली वापसी की उड़ान IX 1244 करीब पांच घंटे की देरी से दोपहर 1.51 बजे रवाना हुई।"

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |