चांदपुर। ग्राम सरकथल में आयोजित ष्अग्निवीर रनर प्रतियोगिताष् में भाजपा नेत्री एवं समाजसेवी शक्ति भारद्वाज मित्तल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता कर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में 100 से अधिक युवाओं ने भाग लेकर अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन एवं देशसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक परिचय दिया।
प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए शक्ति भारद्वाज मित्तल ने कहा कि देश का युवा वर्ग भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना देखकर विश्वास और अधिक मजबूत होता है कि देश का भविष्य सुरक्षित एवं सशक्त हाथों में है। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने तथा अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अग्निवीर जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता और अनुशासन का विकास करती हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए ष्नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियानष् के अंतर्गत उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सशक्त एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ भी दिलाई गई। शक्ति भारद्वाज मित्तल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर शक्ति भारद्वाज मित्तल ने विजेता खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हिमांशु जानसठ द्वितीय स्थान नितेंद्र राठी ज्वाला तृतीय स्थान अनुज नेगी कोटद्वार ने प्राप्त किया।
शक्ति भारद्वाज मित्तल ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह, अनुशासन एवं मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि सफलता का मार्ग कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से होकर गुजरता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक एवं कोच ओमप्रकाश सैनी सहित समस्त आयोजन समिति को हार्दिक बधाई दी।
