शुकुलबाजार: शिव-पार्वती धर्मशाला से निकली कांवड़ यात्रा, जलाभिषेक के साथ हुई संपन्न
August 10, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। सावन माह के सोमवार को क्षेत्र में कांवड़ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। कांवड़ यात्रा शिव-पार्वती धर्मशाला से शुरू होकर रीछघाट होते हुए कस्बा शुकुल बाजार के रास्ते हनुमान मंदिर पहुंची, जहां पवित्र शिव स्थल पर जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन हुआ।यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर शामिल हुए। श्रद्धालु पूरे रास्ते बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। रीछघाट से पवित्र जल लेकर कांवड़िए कस्बा शुकुल बाजार होते हुए हनुमान मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया।कांवड़ यात्रा के दौरान थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रही। पुलिसकर्मियों ने यात्रा मार्ग पर निगरानी रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा। थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी। यात्रा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई और पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। इस अवसर पर गिरीश चंद्र शुक्ला ,सुशील कुमार मिश्रा,दीपक पाठक,अरुण शुक्ला, पप्पी तिवारी उदय नारायण मिश्रा, शंकर बक्श सिंह, सहित सैकड़ो लोग कावड़ यात्रा में शामिल रहे।
