अमेठीः चीनी भंडारण को लेकर पूर्ति विभाग की छापेमारी
August 26, 2026
अमेठी। पूर्ति निरीक्षक शुभम और अरुण कुमार पांडेय ने संबंधित गोदामों पर पहुंचकर उपलब्ध चीनी के स्टॉक की जांच की। अधिकारियों ने गोदाम में रखे स्टॉक का मौके पर सत्यापन करते हुए अभिलेखों से मिलान किया और कारोबारियों को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान महेश्वरी ट्रेडर्स के गोदाम में कुल 166 बोरी चीनी का स्टॉक मिला। वहीं गोपाल दास ट्रेडर्स के गोदाम में 104 बोरी चीनी उपलब्ध पाई गई। अधिकारियों ने दोनों स्थानों पर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया और भंडारण की स्थिति का जायजा लिया। पूर्ति विभाग की टीम ने कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण न किया जाए। साथ ही स्टॉक से संबंधित अभिलेखों को दुरुस्त रखने और शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि चीनी की कीमतों में वृद्धि के मद्देनजर विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। जमाखोरी, कालाबाजारी या नियमों के उल्लंघन की शिकायत अथवा जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित कारोबारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी,पूर्ति विभाग की इस कार्रवाई से चीनी के थोक कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
