सुल्तानपुर: अखंड नगर के कैथी जलालपुर बाजार में छुट्टा मवेशियों का जमावड़ा, आमजन परेशान
August 06, 2026
सुल्तानपुर । जनपद सुल्तानपुर के अखंड नगर विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत कैथी जलालपुर बाजार में छुट्टा मवेशियों का बढ़ता जमावड़ा आमजन के लिए गंभीर समस्या बन गया है। मुख्य मार्ग पर बैठे ये मवेशी राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं।स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का कहना है कि जब भी कोई इन मवेशियों को हटाने की कोशिश करता है, तो वे हिंसक हो जाते हैं और लोगों पर हमला करने दौड़ पड़ते हैं। इस डर के कारण राहगीर उन्हें दूर से ही छोड़कर निकलने को मजबूर हैं। बाजार की चहल-पहल और आसपास स्कूली बच्चों की आवाजाही को देखते हुए इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन तथा संबंधित ब्लॉक अधिकारियों से मांग की है कि इन छुट्टा मवेशियों को जल्द से जल्द पकड़कर नजदीकी गौशाला भिजवाया जाए, ताकि आवागमन सुचारू हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
