शुकुलबाजारः एटीएम चोरी कर रुपये निकाले, पुलिस से कार्रवाई की गुहार
August 26, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। थाना क्षेत्र के दक्खिन गांव निवासी प्रदीप कुमार ने एटीएम कार्ड चोरी कर उसके बैंक खाते से अवैध रूप से रुपये निकाले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पीड़ित ने बताया कि उसका बैंक ऑफ बड़ौदा शुकुल बाजार शाखा में खाता है। पीड़ित के अनुसार उसका एटीएम कार्ड किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी से चोरी कर लिया। इसके बाद उसके खाते से अलग-अलग स्थानों पर रुपये निकाले गए। तहरीर के मुताबिक दो अलग-अलग स्थानों से करीब 10 हजार रुपये तथा इसके बाद करीब 6,050 रुपये की निकासी की गई। इसके अलावा अन्य संदिग्ध लेनदेन का भी उल्लेख किया गया है। प्रदीप कुमार ने बताया कि मोबाइल पर लेनदेन के संदेश आने के बाद उसे खाते से रुपये निकलने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने मामले की जानकारी बैंक और पुलिस को दी। पीड़ित ने एटीएम के माध्यम से हुई अवैध निकासी की जांच कर रकम वापस दिलाने तथा दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना अध्यक्ष ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। बैंक खाते और एटीएम से हुए लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में तथ्य सामने आने के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
