Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुल्तानपुरः तिरंगे के साथ कुड़वार में निकली भव्य शोभायात्रा, भारत माता के जय से गूंजा बाजार! छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश, पुलिस बल रहा मुस्तैद


कुड़वार/सुलतानपुर। देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कुड़वार क्षेत्र में सोमवार को भव्य तिरंगा शोभायात्रा निकाली गई। जय प्रभु शैक्षिक संस्थान उत्तमानपुर कुड़वार एवं यस भारती शिक्षा निकेतन कुड़वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की।

शोभायात्रा के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से कुड़वार बाजार का पूरा वातावरण गूंज उठा। तिरंगा लेकर अनुशासन के साथ आगे बढ़ते नन्हे कदमों ने लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।

विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में निकली शोभायात्रा को देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही। क्षेत्रवासियों और बाजारवासियों ने बच्चों के उत्साह की सराहना की। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्र के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा।

शोभायात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर कुड़वार रामलीला मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुड़वार थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस फोर्स के साथ इंस्पेक्टर प्रवीण यादव स्वयं शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखते रहे। पुलिस की मौजूदगी के बीच यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

कार्यक्रम में रामचंद्र मिश्र, ओम प्रकाश पांडेय बजरंगी, विकास शुक्ला, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, कुड़वार मंडल अध्यक्ष अवधेश शर्मा, मंडल महामंत्री लवकुश तिवारी, रमेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं बाजारवासी मौजूद रहे।

तिरंगे की आन, बान और शान के साथ निकली इस भव्य शोभायात्रा ने कुड़वार में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की एक ऐसी तस्वीर पेश की, जिसने लोगों में राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |