रक्षाबंधन से पहले रेखा सरकार का तोहफा, दिल्ली में लक्ष्मी योजना की पहली किस्त जारी
August 26, 2026
दिल्ली सरकार ने आज महिलाओं को बड़ा तोहफा देते हुए लक्ष्मी योजना के तहत पहली किस्त जारी की। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में योजना की पहली किस्त ट्रांसफर की। हालांकि लाभार्थियों के खाते में पैसा 1 सितंबर को ही आ पाएगा। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गई इस योजना के तहत को हर महीने 2,500 रुपये दिए जाएंगे।
इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हम अपने घोषणापत्र में किए गए वादे को पूरा कर रहे हैं। दिल्ली लक्ष्मी योजना को हमने 1 अगस्त से दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने के लिए शुरू किया था। आज हमने योजना के तहत पहले 2,500 लाभार्थियों को मंजूरी पत्र सौंपे। उनके बैंक खाते और CBDC वॉलेट खुलने के बाद 1 सितंबर को उनके खातों में पैसे जमा कर दिए जाएंगे। मुझे बहुत खुशी है कि दिल्ली की महिलाएं खुश हैं और हम उनके सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति अपने वादे को पूरा कर रहे हैं।'
बता दें कि दिल्ली लक्ष्मी योजना 1 अगस्त से प्रभावी हुई थी और इस योजना के लिए अब तक 6 लाख से ज्यादा महिलाएं रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं। इस योजना के तहत महिला लाभार्थियों को 2,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे लेकिन इस 2500 रुपये का इस्तेमाल हर महीने नहीं किया जा सकता है क्योंकि इन 2500 रुपये में से 1500 रुपये उनके खाते में FD (फिक्स डिपॉजिट) कर दी जाएगी और बचे हुए 1000 रुपये डिजिटल करेंसी (CBDC) के मिलेंगे, वो भी सिर्फ डिजिटल खर्च के लिए।
