बीसलपुरः ड्रग इंस्पेक्टर की छापेमारी से मेडिकल स्टोर संचालकों में मचा हड़कंप! मकरंदापुर चैराहे पर नाव्या मेडिकल स्टोर में पहुंचकर जांची दवाएं, स्टॉक और बिल भी खंगाले
August 10, 2026
बीसलपुर। मकरंदापुर चैराहे पर सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्रग इंस्पेक्टर ने अचानक एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर दवाओं की जांच शुरू कर दी। ड्रग इंस्पेक्टर के पहुंचने की जानकारी आसपास के मेडिकल स्टोर संचालकों को हुई तो कई संचालक आनन-फानन में अपनी दुकानों के शटर बंद कर वहां से चले गए। छापेमारी की सूचना के बाद मकरंदापुर चैराहे के साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी मेडिकल स्टोर संचालकों के बीच खलबली मची रही। सोमवार दोपहर ड्रग इंस्पेक्टर नेहा वैश्य मकरंदापुर चैराहे पर स्थित नाव्या मेडिकल स्टोर पर पहुंचीं। उन्होंने मेडिकल स्टोर के अंदर रखी दवाओं के स्टॉक की जांच की। इसके साथ ही दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित बिलों को भी देखा गया।जांच के दौरान विभिन्न दवाओं की एक्सपायरी डेट भी चेक की गई, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मेडिकल स्टोर पर कहीं एक्सपायरी या नियमों के विपरीत दवाओं की बिक्री तो नहीं हो रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बताया गया कि ड्रग इंस्पेक्टर के मकरंदापुर चैराहे पर पहुंचने की सूचना जैसे ही आसपास के मेडिकल स्टोर संचालकों को मिली, कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। मकरंदापुर के अलावा मधवापुर और दियोरिया क्षेत्र में भी मेडिकल स्टोरों के शटर बंद होने की चर्चा रही। ड्रग इंस्पेक्टर की कार्रवाई से क्षेत्र में काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही। हालांकि जांच के दौरान क्या कमियां मिलीं अथवा किसी मेडिकल स्टोर के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
