Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः संत रविदास जयंती वर्ष सामाजिक समरसता और एकता का महापर्व बने - स्वामी प्रवक्तानंद

  • समरसता संकल्प अभियान के तहत माला कॉलोनी-गांधी नगर में निकली कलश वंदन यात्रा
  • शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर लिया संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का आशीर्वा


पीलीभीत। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं पावन जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत माला कॉलोनी-गांधी नगर स्थित शिव मंदिर पर आयोजित कलश वंदन यात्रा में महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से प्रभु की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी को नमन करते हुए सामाजिक समरसता और एकता का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाता है। उन्होंने समाज को जाति-पंथ और ऊंच-नीच की संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर एक-दूसरे के सम्मान और सहयोग के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। संत रविदास जी की वाणी आज भी समाज को जोड़ने और आपसी भेदभाव समाप्त करने की प्रेरणा देती है।उन्होंने कहा कि 650वीं जयंती वर्ष केवल किसी महापुरुष की स्मृति का अवसर नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेने का समय है। जब समाज में प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और आगे बढ़ने का अधिकार मिलेगा, तभी सामाजिक समरसता का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा।स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कहा कि कलश वंदन यात्रा जैसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ जोड़ने और अपनी संत परंपरा के प्रति नई पीढ़ी में श्रद्धा एवं जागरूकता पैदा करने का माध्यम हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष हम सभी के लिए सामाजिक समरसता एवं एकता का महापर्व बने, यही हम सबका संकल्प होना चाहिए। समाज की शक्ति उसकी एकता में है और आपसी सौहार्द को मजबूत करके ही राष्ट्र को और सशक्त बनाया जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कलश वंदन यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक एकता का संदेश देने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्या, जिला मंत्री नागेंद्र प्रताप सिंह गंगवार, अमित कुशवाहा, सतपाल वर्मा एवं विकास वाल्मीकि, बरखेड़ा मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल कश्यप, मरौरी मंडल अध्यक्ष महेश लोधी, मंडल महामंत्री दिनेश कोरी सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।आयोजक पक्ष ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित ग्रामीणों का कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश सामाजिक समरसता, आपसी सम्मान और संत रविदास जी के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का रहा। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |