Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

ठेकेदार की हत्या का खौफनाक वीडियो वायरल, ब्रह्मभोज में तलवार से ताबड़तोड़ हमले का आरोपी कैमरे में कैद


चार दिन पहले हुई ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की हत्या से गोरखपुर में सनसनी मची हुई है। हत्या के बाद अब वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक आरोपी हाथ में तलवार लेकर शिवकुमार पर लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। पीछे से एक व्यक्ति उसे रोकने की कोशिश करता सुनाई देता है, लेकिन हमलावर नहीं रुकता। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है और कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

मामला सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव का है, जहां 8 अगस्त की शाम बिजली विभाग के ठेकेदार करीब 50 साल के शिवकुमार तिवारी ब्रह्मभोज में शामिल होने पहुंचे थे। यह भोज गांव निवासी छेदी चौधरी की मृत्यु के बाद आयोजित किया गया था। बताया जा रहा है कि शिवकुमार अन्य लोगों के साथ कतार में बैठकर भोजन कर रहे थे, तभी उन पर पीछे से हमला कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, हमलावर कथित तौर पर अपने कपड़ों में सब्बल छिपाकर लाया था। उसने अचानक शिवकुमार के सिर पर पीछे से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार और अन्य लोग उन्हें इलाज के लिए ऑटो से अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही हमलावरों ने एक बार फिर ऑटो को रोक लिया। बताया जा रहा है कि गांव से कुछ दूरी पर हनुमान प्रसाद पोद्दार स्कूल के पास आरोपियों ने शिवकुमार पर तलवार और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान उनके गले, हाथ और पेट पर गंभीर वार किए गए। हमले के बाद शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस को गांव से करीब 500 मीटर तक रास्ते में खून के निशान मिले। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान बताए गए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया।

अब इस हत्याकांड का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है। वायरल वीडियो में राहुल चौधरी नाम का आरोपी कथित तौर पर तलवार से शिवकुमार पर हमला करता नजर आ रहा है। वीडियो में हमले की गंभीरता साफ दिखाई देती है। पुलिस इस वीडियो को भी जांच का हिस्सा बना रही है। पुलिस ने मामले में 10 लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें राहुल चौधरी, आशुतोष चौधरी, बिंद निवास चौधरी और भानु चौधरी समेत कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की बात सामने आई है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे करीब डेढ़ साल पुरानी रंजिश सामने आने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि साल 2024 में क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद के बाद आदेश चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में शिवकुमार को भी आरोपी बनाया गया था। आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश को लेकर शिवकुमार को निशाना बनाया गया। पुलिस अब इस एंगल समेत हत्या से जुड़े अन्य कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |