लखनऊ। नगर निगम जोन 3 के अभियंत्रण विभाग में सहायक अभियंता (।म्) का पद खाली होने से विकास कार्यों पर ब्रेक लग गया है। अधिकारी की तैनाती न होने के कारण जनहित से जुड़ी और निर्माण कार्यों की महत्वपूर्ण फाइलें आगे नहीं बढ़ पा रही हैं, जिससे क्षेत्रीय जनता और ठेकेदारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम जोन 3 में तैनात सहायक अभियंता विनोद पाठक गत 31 जुलाई को अपनी सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के 10 दिन बीत जाने के बाद भी शासन या उच्च अधिकारियों द्वारा यहाँ किसी नए सहायक अभियंता की तैनाती नहीं की गई है।
अभियंत्रण विभाग की कार्यप्रणाली के अनुसार, जनहित और बुनियादी ढाँचे से जुड़ी विकास योजनाओं की फाइलों पर सहायक अभियंता के हस्ताक्षर होना अनिवार्य होता है। पद खाली होने के कारण जोन 3 के अंतर्गत आने वाले 19 वार्डों में विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्यों की गति पूरी तरह थम गई है। सड़क, नाली, इंटरलॉकिंग और अन्य मरम्मत कार्यों की स्वीकृत फाइलों पर दस्तखत न होने से काम शुरू नहीं हो पा रहे हैं।
क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि अधिकारी की अनुपस्थिति से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। यदि जल्द ही यहाँ नए सहायक अभियंता की नियुक्ति नहीं की गई, तो लंबित कार्यों का बोझ और बढ़ जाएगा जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
